व्यासपुर। आदिबद्री में हिमाचल की पहाड़ियों को चीर कर निकल रही सोमनदी अब शांत है। शनिवार को नदी में पानी कम हो गया। नदी में एक हजार क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। अब पानी सामान्य बह रहा है। ऐसे में आसपास के किसानों व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
शुक्रवार को सोमनदी अपने रुद्र रूप में आ गई थी। इससे किसानों को अपनी फसलों की चिंता सताने लगी थी। ग्रामीण प्रदीप, संजय, कुलदीप व प्रवेश का कहना है कि पिछले साल सोम नदी में लगभग 20 हजार क्यूसेक पानी का बहाव होने से गांव खानुवाला के समीप तटबंध टूट गया था। ऐसे में चितपुर व खानुवाला गांव में सोम नदी का पानी प्रवेश करने पर भारी नुकसान पहुंचा था।
वहीं सोम नदी के उफान से गांव मलिकपुर बांगर के एक दर्जन से अधिक किसानों की 200 एकड़ फसल में पानी प्रवेश कर गया है। हालांकि अभी फसल को कोई नुकसान नहीं है, लेकिन यदि पहाड़ों पर अधिक बारिश हुई तो सोम नदी फिर से उफान पर आ सकती है, ऐसे में फसलें खराब हो सकती हैं। ग्रामीणों का कहना था कि उनके खेतों में पानी निकासी का व्यापक प्रबंध नहीं है। पानी का प्रवेश होने से उसे निकालने में काफी समय लग सकता है।