संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। कस्बा के छोटा बस स्टैंड पर पाल मोहल्ला की तरफ बने नाले को बंद कर देने से पैदा हुई समस्या का समाधान मंगलवार को निकल आया। एसडीएम जसपाल सिंह गिल, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह व ग्राम पंचायत की तरफ से जमीन के मालिक से बातचीत की। कई घंटे तक हुई बातचीत के बाद किसान ने निकासी के लिए जमीन देने पर सहमति जता दी। इस जमीन पर पानी निकासी के लिए अंडरग्राउंड बड़े पाइप दबाए जाएंगे।
निकासी का प्रबंध होने से लोगों ने राहत की सांस ली। जब तक पाइप नहीं दबते तब तक अस्थायी नाले से ही पानी बहता रहेगा। सोमवार को जेसीबी की मदद से नाला खोदा गया।तीन घंटे चली बातचीत में प्रशासन व ग्राम पंचायत के द्वारा जमीन मालिक के सामने पानी निकासी की समस्या रख उसे हल करवाने को लेकर सहयोग करने की अपील की गई।
पानी निकासी के लिए ग्राम पंचायत व्यासपुर द्वारा आनलाइन टेंडर के माध्यम से फिरनी व खेत के पास सीमेंट से बने 16 एमएम डाया के पाइप को दबा कर पानी निकासी का प्रबंधन किया जाएगा। सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना ने कहा कि कुछ दिन पूर्व अस्थाई नाला बंद हो जाने के कारण पानी निकासी पूरी तरह से बंद होने के बाद दिक्कतें सामने आना शुरू हो गई।
पानी निकासी का अस्थाई नाला बंद होने से कस्बा की वाल्मीकि बस्ती, मछरौली काॅलोनी, आंबेडकर नगर, गलीचा फैक्ट्री गली के सैकड़ों घरों का पानी नालियों से ऑवरफ्लो होकर गलियों में भर गया है। जिससे कारण गलियों से गंदे पानी की बदबू चारों ओर फैल गई थी।
ग्राम पंचायत ने युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए प्रशासन व जमीन मालिक से बातचीत कर पानी का निकासी के लिए पाइप डालने की सहमति बना ली है। पाइन दबाने का कार्य जल्द ही टेंडर के माध्यम से पूरा किया जाएगा। ताकि आगामी मानसून सीजन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जमीन मालिक ने कहा कि वह भूमि में पाइप दबवाने के लिए तैयार है। जिसके लिए वह प्रशासन व ग्राम पंचायत के कार्य के लिए सहयोग करेगा। पानी निकासी का प्रबंधन होने से काॅलोनी निवासियों ने ग्राम पंचायत व भूमि मालिक का आभार प्रकट किया।