संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी (यमुनानगर)। आचार संहिता के दौरान लोगों को पेंशन रिकवरी के पत्र जारी करने के आरोप में जिला समाज कल्याण अधिकारी ईश्वर सिंह राठी को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यालय से इसके लिए पत्र जारी किया गया है। पत्र में समें ईश्वर सिंह राठी के सस्पेंशन सहित उन्हें मुख्यालय पहुंचने के आदेश दिए गए हैं।
वहीं पंचकूला के डॉ. विशाल सैनी को यमुनानगर का प्रभार संभालने के भी आदेश जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई से विभाग में खलबली मच गई है। बहाली तक ईश्वर सिंह राठी मुख्यालय में ही रहेंगे। कार्रवाई के आदेश सामाजिक न्याय, कल्याण और अंत्योदय विभाग की ओर से किए गए हैं। आरोप है कि चुनाव के दौरान राठी पेंशन रिकवरी के लिए पत्र जारी कर रहे थे।
ऐसा जानबूझ कर राजनीतिक दलों के इशारे पर करने का आरोप है। इस पर संज्ञान लेते हुए सामाजिक न्याय, कल्याण एवं अंत्योदय विभाग ने ईश्वर सिंह राठी को सस्पेंड करने व पंचकूला के जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. विशाल सैनी को यमुनानगर को अतिरिक्त चार्ज संभालने के आदेश जारी किए हैं।