आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने धोखाधड़ी के आरोप में पंजाबी गाना लेफ्ट सीट गाने वाले यू ट्यूब सिंगर विशाल गहलोत को गिरफ्तार किया है। आरोपी विशाल पर पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर ने रादौर थाने में सात जून 2021 को धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था।
आरोप है कि विशाल ने डिस्पोजल पेपर कप का कारोबार शुरू करने के नाम पर बैंक से नौ लाख रुपये का लोन लिया था। आरोपी ने कुछ दिन डिस्पोजल पेपर कप बनाने का काम किया, लेकिन इसके बाद बैंक की अनुमति लिए बिना मशीनरी बेच दी और कारोबार बंद कर दिया था। लोन उतारने की जगह आरोपी ने रुपये गाना बनाने में उड़ा दिया। आरोपी ने इस दौरान लोन की राशि बैंक में जमा नहीं करवाई। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सेल इंचार्ज निरीक्षक सोमवती ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने डिस्पोजल पेपर कप का कारोबार करने के लिए बैंक से लोन लिया था। लेकिन जब उसका कारोबार नहीं चला तो उसने मशीनरी बेच दी थी। मशीनरी बेचने से जो पैसा आया था उसे खर्च कर दिया। सामने आया है कि आरोपी ने एक पंजाबी गाना भी गाया था। आरोपी ने जो लोन बैंक से लिया वह पैसा उसने गाना बनाने पर लगाया।