जिले में वीरवार को पुलिस लाइन जगाधरी, फर्कपुर, बुडिया, कमला नगर आदि जगहों पर डेंगू के सात नए मरीज मिले हैं। शहर से सटे फर्कपुर क्षेत्र में मरीज मिलने से यहां के लोग डरे हुए हैं। क्योंकि यहां की कॉलोनियों में काफी घनी आबादी है, जिससे बीमारी बढ़ सकती है। डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेने का कार्य तेज कर दिया है। वीरवार को भी सौ से ज्यादा सैंपल लिए गए हैं। वहीं जिले में बुखार के प्रकोप के बीच सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार, टाइफाइड आदि के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
सीएमओ डॉ. विजय दहिया का कहना है कि पांच हजार से ज्यादा घरों में लारवा मिलने पर लोगों को नोटिस दिए गए हैं। जहां पर डेंगू के मरीज मिलते हैं, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के घरों और आसपास क्षेत्र में सर्वे करती हैं। यहां पर टीम लारवा जांचते हैं और परिवार के लोगों के सैंपल लेते हैं। शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी सर्वे किया जा रहा है।
डेंगू के लक्षण
- अचानक तेज बुखार होना।
- अचानक तेज सिर दर्द होना।
- मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होना ।
- आंखों के पीछे दर्द होना ।
चिकनगुनिया के लक्षण
- बुखार के साथ जोड़ों में दर्द व सूजन होना।
- कंपकपी व ठंड के साथ बुखार का अचानक बढ़ना
- सिर दर्द होना।
ऐसे रखें सावधानी
- डेंगू व चिकनगुनिया फैलाने वाला एडिज मच्छर दिन में काटता है, रुके हुए साफ पानी में ही पनपता है।
- घरों के आसपास गड्ढों को मिट्टी से भरवा दें।
- शरीर को ढककर रखें और मच्छर से बचाव की दवा और क्रीम का प्रयोग करें।
- छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन लगाकर बंद रखें।
- मलेरिया के अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों में घरों के अंदर कीटनाशक का छिड़काव जरूर करवाएं।
वर्जन
-जिले में डेंगू के सात नए केस मिलने के बाद कुल संख्या 59 हो गई है। जहां पर डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वहां पर सर्वे करवाया जा रहा है। लोगों से भी अपील है अपने आसपास क्षेत्र में पानी जमा न होने दें। खानपान का भी विशेष ध्यान रखें। बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर से इलाज करवाएं। - डॉ. वागिश गुटेन, जिला मलेरिया अधिकारी