यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर के वैदिक आश्रम के सामने नई बस्ती रायपुर कॉलोनी में सोमवार की सुबह दो घरों से प्रतिबंधित मांस मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यहां एक मकान से प्लास्टिक बैग में रखा मांस बरामद किया। जांच करने पर लगभग सात किलो 300 ग्राम प्रतिबंधित मांस पाया गया। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी दो युवकों पर केस दर्ज किया है।
क्षेत्रवासी दीक्षित ने बताया कि नई बस्ती रायपुर कॉलोनी में उत्तर प्रदेश के दो लोग किराये पर कमरे लेकर रह रहे हैं। सोमवार की सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि नई बस्ती में सब्जी बेचने के नाम पर एक युवक अपने घर में प्रतिबंधित मांस बेच रहा है। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वे पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो यहां इरफान नाम के युवक के घर से करीब तीन किलो मांस मिला, जबकि सब्जी बेचने के नाम पर मांस बेचने वाले एक अन्य युवक को काबू किया गया। उसके पास भी प्लास्टिक बैग से मांस बरामद किया गया। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि आरोपी इरफान की तलाश में दबिश दी जा रही है।
----
बाहर से आकर मांस बेचने का कर रहे काम, पुलिस से जांच की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तर प्रदेश से यहां आकर कई परिवार 50-50 गज के मकान बना कर रह रहे हैं, जो मांस बेचने का धंधा करते हैं। उनका कहना है कि पुलिस को इन लोगों की जांच करनी चाहिए।
----------
वर्जन
सदर थाना प्रभारी सुभाष का कहना है कि प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना पर पुलिस गई थी। सात किलो तीन सौ ग्राम मांस बरामद किया गया है, जिसके घर से मांस बरामद किया गया, वह फरार है। वहीं एक युवक को काबू किया गया है। मांस की जांच के लिए डॉक्टर को बुलाया गया है।