संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। होली के चलते ट्रेनों व प्लेटफार्म पर भीड़ काफी बढ़ गई है। यट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों को धक्कामुक्की करनी पड़ रही है। ऐसे में दिल्ली के स्टेशन पर भगदड़ की घटना से सबक लेते हुए यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर विशेष बंदोबस्त किए हैं। वहींस्टेशन की सुरक्षा कड़ी कर दी है। सुरक्षा कर्मियों की टीमें गठित कर दिन-रात गश्त की जा रही है।
स्टेशन पर आने वाले सभी लोगों पर नजर रखी जा रही है। ट्रेनों की पेट्रोलिंग पार्टी से भी स्टेशन पर जानकारी ली जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से प्लेटफार्म व ट्रेनों के भीतर यात्रियों की चेकिंग की जा रही है। प्लेटफार्म पर यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मिलकर काम कर रही है। दोनों सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें बनाई गई हैं और स्टेशन पर नजर बनाए हुए हैं।
यमुनानगर जगाधरी स्टेशन स्थित थाना रेलवे सुरक्षा बल के कंपनी कमांडर सोनी शर्मा ने बताया कि होली के चलते ट्रेनों व प्लेटफार्म पर इन दिनों भीड़ हैं। ऐसे में किसी यात्री को परेशानी न हो इसके लिए आरपीएफ विशेष रणनीति के तहत काम कर रही है। उनकी प्राथमिकता है कि कोई व्यक्ति ट्रेन में चढ़ने से वंचित न रह जाए। ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्कामुक्की और भगदड़ इत्यादि न हो।
इसके लिए आरपीएफ और जीआरपी मिलकर काम कर रही है। इसे लेकर दोनों एजेंसियों की बैठक हुई है। जिसमें रणनीति तैयार की गई है। दोनों की संयुक्त टीमें बनाई गई हैं और प्लेटफार्म पर गश्त की जा रही है। यात्रियों के सामान के साथ आने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। यात्रियों को सुविधाजनक सफर के तरीके अपनाने के लिए जागरूक व प्रेरित किया जा रहा है।
जहरखुरान गिरोह पर विशेष नजर : जीआरपी
जीआरपी थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि स्टेशन पर भीड़ के साथ आपराधिक घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में जीआरपी की प्राथमिकता है ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाना है। त्योहार के दिनों में नशा देकर लूटपाट की वारदात ज्यादा होती हैं। ऐसे में उनकी प्राथमिकता की लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान जहरखुरान गिरोह पर नजर रखी जा रही है। पुलिस कर्मचारी साधारण कपड़ों में प्लेटफार्म पर यात्री बनकर घूम रह हैं। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। ट्रेनों में चढ़कर सामान की जांच व यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। आपराधिक घटनाएं रोकने के लिए वेंडर्स, रेलवे कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जा रहा है।