यमुनानगर। 134 ए के तहत बच्चो को प्रबंधकों द्वारा निजी स्कूल में प्रवेश न दिए जाने से नाराज अभिभावक शिक्षामंत्री से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। यहां अभिभावकों ने शिक्षामंत्री से निजी स्कूल प्रबंधकों पर मनमानी और परेशान करने का आरोप लगाया।
अभिभावकों ने कहा कि निजी स्कूल सरकार और विभाग के आदेशों को दरकिनार कर दाखिला नहीं कर रहे हैं। दाखिला न होने से उन्हें बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी है। कहा कि अब वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने वाली है और दाखिले में देरी होती जा रही है। ऐसे में बच्चे तनाव में है और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं। सरकार इस मामले में सीधे हस्तक्षेप कर विद्यार्थियों को उनका हक दिलवाए।
शिक्षामंत्री ने अभिभावकों को आश्वासन दिया है कि उनके बच्चों का दाखिला जरूर होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री से बात करके योजना बनाई जा रही है। किसी को किसी प्रकार से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। रविवार को 134 ए के तहत दाखिले की मांग को लेकर अभिभावक शिक्षामंत्री कंवरपाल से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। यहां पहुंचे धमेंद्र कुमार, रेनू, लक्की, सूरजमणि, रोशनी, आयुष, रजनी, सुषमा ने कहा पात्रता होने के बावजूद उनके बच्चों को 134 ए के तहत अभी तक दाखिला नहीं मिला है। जिस कारण उन्हें बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि सरकार व विभाग के आदेशों के बाद भी निजी स्कूल प्रबंधक उन्हें परेशान कर रहे हैं। वे कभी विभाग अधिकारियों के पास जाते हैं, तो कभी स्कूल के चक्कर लगाते हैं। वे इससे पूर्व भी शिक्षामंत्री से मिल चुके हैं। तब भी उन्हें आश्वासन दिया गया था, परंतु बच्चों को दाखिला नहीं दिया।