व्यासपुर। स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के सीईओ की अगुवाई में सरस्वती नदी पर सफाई अभियान चलाया गया। बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुमार सुपर विन, एसडीएम जसपाल सिंह व खंड व्यासपुर के सरपंच एवं लोग पहुंचे। इस दौरान सीईओ कुमार सुपरविन ने कहा कि सरस्वती नदी हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर है। इसे प्रदूषण मुक्त रखना हर नागरिक का दायित्व है।
अभियान के दौरान नदी की स्वच्छता और इसके संरक्षण पर विस्तृत चर्चा हुई। महंत कृष्णानंद सरस्वती ने कहा कि नदी के तट पर आश्रम की तरफ पत्थर लगाए जाने चाहिए ताकि पानी का बहाव नियंत्रित हो सके और गंदगी इधर-उधर न फैले। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या नदी में गंदगी गिरने की है।
कई स्थानों से नालों का गंदा पानी सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है, जिसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।
इस पर सीईओ कुमार सुपर विन ने कहा कि सरस्वती नदी की सफाई और संरक्षण कार्य को व्यवस्थित रूप देने के लिए 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी काठगढ़ से लेकर पाबनी तक सरस्वती नदी के किनारे बसे लगभग 30 गांवों के सरपंचों से लगातार संवाद करेगी और स्वच्छता गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी। एसडीएम जसपाल सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर सरपंच महिन्द्र सिंह, संजीव शास्त्री, रमेश रामपुर, सहित अन्य गांवों के सरपंच मौजूद रहे।