सरस्वतीनगर। शुक्रवार को सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमिच सरस्वती धाम पर पहुंचे। इस दौरान यहां हो रहे विकास कार्यों व शुरू हुई बोटिंग का उन्होंने जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरस्वती धाम क्षेत्र का एक अत्यंत पवित्र और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूर्वजों की स्मृति में जलामचन करने और धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां आकर अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हैं। इस स्थान के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास है, जिसके कारण देश के विभिन्न राज्यों से भी श्रद्धालु यहां आते हैं। किरमिच ने बताया कि सरस्वती सेवा समिति का भी लंबे समय से उद्देश्य था कि सरस्वती धाम में बोटिंग की सुविधा शुरू की जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक वातावरण के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी अनुभव हो सके। इसी सोच के तहत अब यह सुविधा शुरू कर दी गई है। बोटिंग की व्यवस्था होने से यहां आने वाले लोगों को नया आकर्षण मिलेगा और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।