यमुनानगर। सेवानिवृत्त अध्यापिका कमला शर्मा के बैंक खाते से किसी ने 18 लाख रुपये निकाल लिए। महिला अपने पति की मौत के कारण करीब तीन माह से बैंक नहीं जा पाई थी। महिला का कहना है कि न तो उसके पास किसी का फोन आया और न ही उसने किसी को ओटीपी या पासवर्ड शेयर किया। फिर भी उसके साथ धोखाधड़ी हो गई। महिला ने बीमा पॉलिसी व शेयर मार्केट का काम करने वाले एक युवक पर शक जताया है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संतपुरा रोड निवासी कमला शर्मा ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अध्यापिका के पद से सेवानिवृत्त है। उसका मेला सिंह चौक स्थित एक्सेस बैंक में खाता है। दो दिसंबर 2021 को उसके पति विरेंद्र कुमार की मौत हो गई थी। तब से वह बैंक में नहीं जा पा रही थी। बुधवार को वह बैंक में अपनी पासबुक में एंट्री करवाने गई। जब उसने पता चला कि उसके बैंक से 18 लाख रुपये विभिन्न तारीखों में निकाले हुए हैं। जांच करवाने पर यह रुपये एक जनवरी 2022 से आज तक निकाले गए। महिला ने बताया कि उसके पास न तो किसी का फोन आया और न ही उसने किसी को अपना एटीएम व चेकबुक दी। फिर भी उसके खाते से 18 लाख रुपये साफ हो गए। महिला ने बताया कि उसके पति विरेंद्र कुमार के पास बीमा पॉलिसी, शेयर व अन्य काम करने वाला एक युवक आता जाता रहता था। उसे शक है कि उसके बैंक खाते से उसी युवक ने नकदी निकाली है। उसने इसकी शिकायत शहर पुलिस को दी। शहर पुलिस ने मामले में अज्ञात पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि मामले में फिलहाल अज्ञात पर केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।