संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। जन स्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के कर्मियों पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि छिंबी मोहल्ला में पेयजल लाइन बिछाने के लिए तोड़ी गई सड़क नहीं ठीक की गई। स्थानीय लोगों ने सड़क नहीं बनाने पर रोष जताते हुए जल्द निर्माण कराने की मांग उठाई है।
छिंबी मोहल्ला में पानी की टंकी नंबर 2 के पास रहने वाले आशीष, नीरज, सचिन, अरूण, सतीश, राजीव ने बताया कि विभाग के कर्मी कुछ दिन पहले गली में पीने के पानी की पाइप लाइन बिछाकर गए थे। पानी की पाइप लाइन डालने के लिए सड़क को तोड़ा गया था। काम खत्म होने के बाद सड़क सही किए बिना छोड़ दिया।
इससे सड़कों पर बड़े गड्ढे हो गए हैं और कहीं भी रास्ता समतल नहीं है। आए दिन वाहन फंसकर ट्रैफिक जाम की स्थिति का कारण बन रहे हैं। यह देख अधिकतर वाहन चालक गलियों से आने-जाने लगे है। इनमें भारी वाहनों के कारण गलियों में बिजली के तार टूट जाते हैं और गलियों के भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। इनके कारण बड़े हादसे का भी डर है। उन्होंने विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।