मार्केट कमेटी की चांदखेड़ी गांव को जाने वाली मुख्य सड़क बनने के दस दिन के भीतर ही धंस गई। जिससे स्थानीय लोगों में रोष है। काॅलोनीवासियों का कहना है सड़क के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री व कार्यशैली का प्रयोग किया गया है। जिसको लेकर काॅलोनीवासी उच्च अधिकारियों से मिल समस्या से अवगत करवाएंगे। चंदा खेड़ी मार्ग पर स्थित धर्मपाल चौधरी, राकेश कुमार, डाॅ. त्यागी, कमल धमीजा का कहा है चंदा खेड़ी मार्ग के दोनों ओर सरस्वती काॅलोनी, बेदी काॅलोनी आती है इसके साथ सड़क का प्रयोग गांव चंदा खेड़ी व ककड़ौनी जाने वाले ग्रामीण भी करते हैं। काॅलोनी के लोगों का कहना है कि साढौरा मार्ग से चंदा खेड़ी जाने वाले मार्ग पर मार्केट कमेटी विभाग के द्वारा बनाई गई जो दस दिन भी नहीं चली।
सड़क की टाइलों ने धंस कर नाले का रूप ले लिया है। जिसके कारण प्रतिदिन सड़क से गुजरने वाले दो पहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। काॅलोनी के लोगों ने गली निर्माण में प्रयोग की गई सामग्री व गली निर्माण की कार्यशैली को लेकर सख्त जांच करने की मांग की है। काॅलोनी के लोगों का कहना है कि चंदा खेड़ी जाने वाले मार्ग पर जन स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सीवरेज बिछाने का कार्य किया गया था। सीवरेज बिछाने के पश्चात मुख्य सड़क को ठीक करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग ने मार्केटिंग विभाग के पास 35 लाख रुपये की राशि जमा करवाई थी। मार्केट कमेटी विभाग के द्वारा सड़क को दुरुस्त करवाने के लिए 35 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया था लेकिन ठेकेदार ने विभागीय अधिकारियों से मिलीभगत कर पूरी सड़क को बीच में से आधा छोड़कर आधी जगह पर टाइलें लगा दी गई। मुख्य सड़क की टाइलें जगह जगह से एक से दो फीट तक धंस गई। जिसके कारण रोजाना कोई न कोई मोटरसाइकिल चालक व साइकिल चालक चोटिल हो रहा है।
गली के निर्माण नियमानुसार किया गया है। सड़क निर्माण में किसी प्रकार की कोई समस्या आती है तो जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-अंकित शर्मा, जेई।