संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर ठगों ने रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगी का शिकार बनाया है। खुद को दिल्ली सीबीआई टीम से बताकर फौजी को गिरफ्तारी का डर दिखाया और इसके बाद उससे चार लाख रुपये ठग लिए। फौजी ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है।
खुडेवाला गांव निवासी जगतार सिंह ने शिकायत में बताया वह फौज से रिटायर्ड हैं। बीती आठ अक्तूबर को उनके फोन पर एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके नंबर पर दूसरा नंबर एड है। जिस पर दिल्ली में केस हुआ है। फोन करने वाले खुद को क्राइम थाना बोलकर किसी से बात कराई और कहा कि आप अश्लील फोटो सेंड कर किसी को परेशान कर रहे हैं।
इसके लिए आपको गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई की टीम आएगी। दो दिन बाद फिर से एक कॉल आई। इस बार कॉल करने वाले ने कहा कि आपका एचडीएफसी बैंक में फेक अकाउंट है। आपके पास जितना भी पैसा है उसे दूसरे अकाउंट में डाल दो। कॉल करने वालों ने अकाउंट नंबर भेज दिया। जिसमें उसने चार लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद कॉल करने वालों ने फोन उठाना बंद कर दिया है।
साइबर क्राइम पुलिस ने तुरंत ही केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ साइबर क्राइम थाना रविकांत ने बताया कि साइबर ठगों ने रिटायर्ड फौजी से ठगी की है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई होगी।