संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। संयुक्त परिवारों की संस्कृति को जीवित रखने के उद्देश्य से ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन ने एक अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत एसोसिएशन के सदस्य प्रत्येक माह अपने परिवार के साथ एक स्थान पर मिलेंगे, घर का बना भोजन साझा करेंगे और पारिवारिक मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
एसोसिएशन के केंद्रीय संगठन सचिव आरके वोहरा ने शुक्रवार को अपने निवास पर पारिवारिक किटी मिलन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग रिश्तों के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। ऐसे में यह प्रयास परिवारों को जोड़ने, आपसी संवाद बढ़ाने और संयुक्त परिवार की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने बताया कि लंबे विचार-विमर्श के बाद इस समूह का गठन किया गया है। प्रत्येक माह आयोजित होने वाले कार्यक्रम की शुरुआत भगवान के सिमरन से होगी, जिसके बाद सदस्य अपने विचार साझा करेंगे। इस आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि हर परिवार अपने घर में तैयार किया गया कोई व्यंजन साथ लेकर आएगा।
केवल घर का बना भोजन ही सभी के बीच परोसा जाएगा, जिससे अपनत्व, आत्मीयता और पारिवारिक भावना को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, बड़ों के सम्मान और सामाजिक भाईचारे से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेंगे। इस दौरान नोएडा से आरके जैन, रेणु जैन, हरजीत सिंह लांबा, सुखविंदर कौर लांबा, जोगिंद्र खेड़ा, संगीता खेड़ा, हरीश घई, आभा घई, जितेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।