संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कपालमोचन में लगने वाले मेले की तैयारियों काे लेकर श्राइन बोर्ड द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। तीनों सरोवरों के आसपास के घाटों की मरम्मत करवा सही करवाया जा रहा है। घाटों की मरम्मत करवा रंग रोगन से सुंदर रूप दिया जा रहा है। मुख्य चौक चौराहों के आसपास मरम्मत करवाई जा रही है।
मेला प्रशासक जसपाल सिंह गिल ने बताया कि मेले के आयोजन से एक माह पूर्व कपाल मोचन सरोवर, ऋणमोचन सरोवर व सूरजकुंड सरोवर की सफाई करवा पानी भरने का कार्य शुरू कर दिया गया था। मेले से पूर्व तीनों में पानी भर दिया जाएगा। वहीं 550 अस्थाई शौचालयों के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है।
कपालमाेचन सरोवर के समीप परशुराम धर्मशाला के समीप सरोवर के साथ गुजरने वाले मार्ग की मरम्मत करवा चौड़ीकरण करने का कार्य किया जा रहा है। जिससे मेले की भीड़ में महिला श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा हाेगी। मेला में यात्रियों की सुविधा के लिए महिलाओं व पुरुषों के लिए 550 शौचालयों का निर्माण करवाया जा रहा है। कपालमोचन मेला क्षेत्र में 60 स्थायी शौचालय बनाए जाएंगे। मेला क्षेत्र में कपालमोचन बस स्टैंड के समीप, मोगा धर्मशाला के समीप, झूला परिसर के समीप, चौराही जाने वाले मार्ग के समीप, आदिबद्री जाने वाले मार्ग पर अस्थाई शौचालयों का निर्माण करवाया जाएगा।
तीनों सरोवरों में पानी भरना शुरू
कपालमोचन क्षेत्र में स्थित ऋणमोचन, सूरजकुंड सरोवर व कपालमोचन सरोवर की सफाई करवा पानी भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सरोवरों में आगामी दो से तीन दिन में पूरी तरह से पानी भर जाएगा। मेला प्रशासन ने बताया कि मेले से पूर्व तीनों सरोवरों के पानी को निकाल कर तल की अच्छी प्रकार से सफाई करवा दोबारा पानी भरने का कार्य शुरू किया गया है। मेले से पूर्व सभी सरोवरों में पानी भरने का पूरा कर लिया जाएगा।