संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत देने की दिशा में जिला नागरिक अस्पताल का सीटी स्कैन केंद्र लगातार उपयोगी साबित हुआ है। पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत संचालित इस केंद्र से पिछले नौ वर्षों में करीब 70 हजार मरीज लाभान्वित हुए हैं।
इनमें लगभग 49 हजार मरीजों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत पूरी तरह मुफ्त सीटी स्कैन की सुविधा मिली, जबकि करीब 21 हजार मरीजों ने निजी केंद्रों की तुलना में काफी कम शुल्क पर जांच कराकर आर्थिक बचत की। स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2017 में ट्रामा सेंटर भवन में मणिपाल हेल्थमैप सीटी स्कैन सेंटर के सहयोग से इस सुविधा की शुरुआत की थी।
इसके बाद से हर साल मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2017 में जहां 4,914 सीटी स्कैन हुए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 12,534 तक पहुंच गया। सरकार के निर्देशों के अनुसार बीपीएल परिवार, अनुसूचित जाति, दिव्यांगजन, ईडब्ल्यूएस, सड़क दुर्घटना के घायल, हरियाणा सरकार के कर्मचारी, पेंशनर, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित और 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को मुफ्त सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है, जिन्हें पहले निजी केंद्रों पर जांच के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे। हालांकि जिले में करीब 10 निजी सीटी स्कैन केंद्र संचालित हैं, जहां सिर, छाती और पीएनएस की जांच के लिए 1,500 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक शुल्क लिया जाता है।
इसके विपरीत जिला नागरिक अस्पताल में यही जांच काफी कम दरों पर उपलब्ध है। यहां सिर का सीटी स्कैन 920 रुपये, छाती का 1,850 रुपये और पीएनएस का 980 रुपये में किया जाता है। ऐसे में जो मरीज मुफ्त श्रेणी में नहीं आते, उन्हें भी बाजार की तुलना में कम खर्च पर जांच की सुविधा मिल रही है।
सीटी स्कैन आधुनिक चिकित्सा का महत्वपूर्ण जांच माध्यम है, जिससे शरीर के अंदर की कई जटिल और शुरुआती बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है। सिर की चोट, ब्रेन स्ट्रोक, फेफड़ों की बीमारी, साइनस संक्रमण और आंतरिक चोटों की सटीक पहचान में यह जांच बेहद उपयोगी है।
जब से अस्पताल में सीटी स्कैन शुरू हुआ था तब से अब तक जांच कराने वालों की संख्या तीन गुना बढ़ गई है। सरकार की हिदायतों के अनुसार निर्धारित श्रेणी के लोगों से कोई पैसा नहीं लिया जा रहा। अन्य लोगों से बाजार से कम दाम पर सीटी स्कैन किया जा रहा है। - मंदीप सिंह, मैनेजर, मणिपाल हेल्थमैप सेंटर यमुनानगर।
पात्र मरीज मुफ्त में अपना सीटी स्कैन अस्पताल में करा सकते हैं। बाकी लोगों से भी टेस्ट के लिए न के बराबर फीस ली जा रही है। सरकार की इस सुविधा का लोगों को बहुत फायदा मिला है। - डॉ. दिव्या मंगला, कार्यकारी सिविल सर्जन।