यमुनानगर। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस समिति की प्रधान प्रीति के निर्देश पर रेडक्रॉस समिति की ओर से एलिम्को टीम के सहयोग से दिव्यांगजनों और व्योश्री योजना के तहत वृद्धजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए निशुल्क जांच शिविरों की शुरुआत की गई। पहला शिविर कम्युनिटी हॉल छछरौली में आयोजित किया गया।
रेडक्रॉस समिति के कार्यवाहक सचिव संजीव धीमान ने बताया कि शिविर में भारत सरकार की एलिम्को एजेंसी की टीम ने पात्र लोगों की जांच और नापतोल की। टीम में ऑडियोलॉजिस्ट मधुकर, पीएंडओ अमनदीप शर्मा और क्लर्क सुभाष चंद्रा शामिल रहे।
विज्ञापन
जांच के बाद 30 दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों का विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण किया गया। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय की ओर से रोहित, एससीपीओ ने शिविर में पहुंचकर रेडक्रॉस के जनहित कार्य की सराहना की। संजीव धीमान ने बताया कि शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय व्यासपुर में साढौरा और व्यासपुर क्षेत्र में शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों और 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वृद्धजनों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की। शपात्र लोगों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यूडीआईडी), आधार कार्ड लाना होगा।