यमुनानगर। थाना सदर यमुनानगर क्षेत्र के गांव कुंजल जट्टान स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से राशन चोरी कर लिया गया। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायत में गांव कुंजल जट्टान निवासी अमीना बेगम ने बताया कि सात सितंबर की रात आंगनबाड़ी केंद्र से 15 किलो गेहूं, दो किलो सोयाबीन, सात किलो सोयाबडी, आठ किलो कच्ची मूंगफली व अन्य खाद्य सामग्री चोरी हो गई। इस बारे में अगले दिन आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने पर पता चला। संवाद
युवती को अगवा करने का आरोप
यमुनानगर। थाना छछरौली क्षेत्र के गांव से युवती को युवक ने शादी का झांसा देकर अगवा कर लिया। पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक को नामजद कर कार्रवाई शुरू कर दी। छछरौली पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी 13 सितंबर की शाम से लापता है। तलाश करने के बाद भी बेटी नहीं मिली। बाद में उन्हें पता चला कि बेटी को अभिषेक नाम का युवक शादी का झांसा देकर अगवा कर ले गया है। इसके बाद शिकायत पुलिस को दी। संवाद
कार की टक्कर से युवक घायल
यमुनानगर। थाना व्यासपुर क्षेत्र में टहाली वाले मंदिर के पास कार की टक्कर से राहगीर घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में अंबाला जिले के थाना मुलाना क्षेत्र के गांव नाहानी निवासी संजीव कुमार ने बताया कि उनके जीजा पवन कुमार 14 सितंबर सुबह व्यासपुर गए थे। वहां टहाली वाले मंदिर के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे अज्ञात कार चालक ने जीजा पवन कुमार को टक्कर मार दी, जिसमें वे घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कार चालक कार सहित भाग गया। संवाद