यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल की ओर से राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण के महत्व के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना रहा। इसमें कॉलेज के विद्यार्थियों के टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कैमिस्ट्री विभाग अध्यक्ष एवं इनोवेशन एंबेसडर हर्ष शर्मा मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम प्राचार्या डॉ. सुरिंद्र कौर व आईआईसी कनवीनर विवेक के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान वक्ता हर्ष शर्मा ने कहा कि आज ऊर्जा संरक्षण केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। बढ़ती जनसंख्या व औद्योगिकीकरण ऊर्जा संसाधनों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।
ऐसे में यदि युवा रचनात्मक सोच के साथ नवाचार को अपनाएं, तो वे पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने विभिन्न प्रकारों, ऊर्जा बचाने के उपायों, प्रदूषण को कम करने के तरीकों तथा ऊर्जा संरक्षण को लेकर सरकार द्वारा उठाए गए कदमों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों जैसे सौर और पवन ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग पर भी जोर दिया। प्राचार्या डॉ. सुरिंद्र कौर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।