संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल ने अपने निकटतम उम्मीदवार इंडिया गठबंधन के डॉ. सुशील गुप्ता को कांटे के मुकाबले में 28 हजार, 119 मतों से हराकर जीत हासिल की। नवीन जिंदल को 5 लाख, 12 हजार, 416 मत हासिल हुए। वहीं डॉ. सुशील गुप्ता को 4 लाख, 84 हजार, 297 मत मिले। इनेलो के अभय सिंह चौटाला को 73 हजार, 843 मत मिले।
मतगणना के दौरान दिनभर चले रोचक मुकाबले में दोनों उम्मीदवारों ने एक दूसरे को कई बार पिछाड़ा, लेकिन अंत में नवीन जिंदल ने जीत हासिल की। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के रादौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के नवीन जिंदल ने 70554 मत हासिल किए। जबकि इंडिया गठबंधन के डॉ. सुशील गुप्ता ने 63356 मत हासिल किए।
शुरू के तीन चरणों में नवीन जिंदल पिछड़ते नजर आए। वह करीब 2100 मतों से पिछड़ गए थे। लेकिन चौथे चरण से अंत के 17वें राउंड तक जिंदल ने लगातार बढ़त हासिल की। पूर्व पार्षद व भाजपा नेता भगवत दयाल कटारिया ने बताया कि शहर के 14 मतदान केंद्रो में 13 मतदान केंद्रों पर नवीन जिंदल ने अच्छी बढ़त हासिल की।
केवल शहर के 181 नंबर बूथ पर सुशील गुप्ता को 278 व नवीन जिंदल को 224 मत मिले। केवल 54 मतो से डॉ. सुशील गुप्ता आगे रहे। रादौर शहर में नवीन जिंदल ने 5013 मत हासिल किए। जबकि डॉ. सुशील गुप्ता ने 2134 मत हासिल किए। इस प्रकार नवीन जिंदल ने रादौर शहर में 2879 मत अधिक प्राप्त किए।
नवीन जिंदल की जीत पर कार्यकर्ताओं ने रादौर में पूर्व राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज का मुंह मीठा करवाकर व ढोल बजाकर खुशियां मनाई। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री कांबोज ने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के लोगों ने सांसद नवीन जिंदल को शानदार जीत दिलवाई है। नवीन जिंदल सांसद बनकर क्षेत्र का विकास करवाएंगे। इस दौरान चेयरमैन धर्म सिंह बंचल, पार्षद भगवत दयाल कटारिया, हैप्पी खेडी, चेयरमैन विपिन कांबोज, विकास मंधार, मुकेश अरोड़ा मक्की, अशोक गुंबर, सुशील बत्रा, हरपाल मारू पुर, सुरेंद्र चिम्मा, डॉ. ऋषिपाल सैनी आदि मौजूद रहे।