यमुनानगर। बदमाशों ने बिलासपुर रोड पर जिला जेल के पास व्यक्ति से पर्स व मोबाइल और सेक्टर 17 में जिंदल अस्पताल के पास महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधीधाम जगाधरी निवासी कविता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मई की शाम को वह शॉपिंग करने गई थी। रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर लौट रही थी। जब वह सेक्टर 17 के जिंदल अस्पताल के पास पहुंची तभी पीछे से एक्टिवा सवार एक युवक आया और उसके गले से सोने की चेन झपट ली। उधर, कृष्णा कॉलोनी निवासी नवीन शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 मई की शाम करीब तीन बजे वह जगाधरी में ट्यूशन पढ़ाने जा रहा था। बिलासपुर रोड पर छाबड़ा अस्पताल के पास एक युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। उसने अपनी एक्टिवा रोककर उसे बिठा लिया। बिलासपुर रोड पर जिला जेल के पास जब वह पहुंचा तो आरोपी ने उसे रोक लिया। वहां पहले से एक अन्य युवक खड़ा था। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उससे पर्स और मोबाइल लूट लिया। पर्स में 920 रुपये थे।