संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। अनाज मंडी रादौर, जठलाना व गुमथला राव में गेहूं की आवक धीरे-धीरे तेज हो रही है। साथ साथ एजेंसियां गेहूं की खरीद कर रही है। अनाज मंडी रादौर में 14560 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसी तरह गुमथला अनाज मंडी में 3750 क्विंटल और अनाज मंडी जठलाना में 680 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। मार्केट कमेटी के सचिव अफसर ने बताया कि गेहूं की खरीद का कार्य सरकारी मानदंडों अनुसार हो रहा है। 12 प्रतिशत तक नमी होने पर ही गेहूं की खरीद की जा रही है।
इससे ज्यादा नमी होने पर किसान द्वारा गेहूं को धूप में फैलाकर सुखाए जाने के बाद ही खरीद की जाएगी। विभाग की ओर से गेहूं के उठाव के 24 से 72 घंटे तक किसान को उसकी फसल का भुगतान कर दिया जाएगा। किसानों से अपील की कि मंडी में गेहूं की फसल को सुखाकर व साफ करके लाएं।
वेयर हाउस की ओर से रादौर अनाज मंडी में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को गेहूं की खरीद की जाएगी। मंगलवार, वीरवार, शनिवार व रविवार को हैफेड द्वारा गेहूं की खरीद की जाएगी। जठलाना व गुमथला सब यार्ड में हैफेड की ओर से सातों दिन गेहूं की खरीद की जाएगी, वहीं रादौर सब यार्ड में वेयरहाउस व हैफेड एजेंसियां खरीद करेगी।