संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। छछरौली के खिलाड़ियों को हॉकी के प्रशिक्षण के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि उनके लिए पास में ही हॉकी खेल नर्सरी शुरू होने जा रही है। यहां प्रशिक्षण के साथ प्रदेश सरकार की ओर से खिलाड़ियों को डाइट खर्च भी मुहैया कराया जाएगा।
इससे पहले तीन वर्षों से छछरौली स्पोर्ट्स क्लब में एथलेटिक्स की खेल नर्सरी चल रही है, जिससे प्रशिक्षण लेकर कई खिलाड़ी जिला व राज्य स्तर पर पदक हासिल कर चुके हैं। ऐसे ही सत्र 2025-26 के लिए यहां हॉकी खेल नर्सरी शुरू हो रही है। इसके लिए शुक्रवार (आज) खिलाड़ियों का ट्रायल के जरिए चयन होगा।
इसका पता लगने पर क्षेत्र के हॉकी खिलाड़ियों की खुशी बढ़ गई है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से हॉकी खेल की नर्सरी शुरू होने से उन्हें खेल में निखार लाने में मदद मिलेगी, चूंकि नर्सरी के माध्यम से प्रशिक्षित कोच से प्रशिक्षण के अलावा डाइट खर्च भी मिल पाएगा। कोच रमनजीत सिंह ने छछरौली व आसपास के गांव के खिलाड़ियों को शुक्रवार को होने वाले ट्रायल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
छछरौली स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान एवं सरपंच प्रतिनिधि संजीव सैनी व नंबरदार एवं कोच रमनजीत सिंह ने बताया कि इसी माह अप्रैल में हॉकी की नर्सरी की भी शुरुआत की जा रही है। इसमें खिलाड़ियों को हॉकी का प्रशिक्षण मिलेगा। इससे पहले तीन वर्षों से क्लब में यहां खेलकूद की नर्सरी भी चल रही है।
दोनों नर्सरियों के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा। इन्हें प्रशिक्षण के साथ आठ से 14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को हर माह 2000 रुपये और 15 से 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को हर माह 3000 रुपये डाइट मनी मिलेगी। नर्सरी शुरू होने से सीधे तौर पर हॉकी खेल में भविष्य बनाने का सपने संजो रहे खिलाड़ियों को लाभ होगा।