संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कुछ दिनों में हुई दुखदाई घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने जिले के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बच्चों को नदी, नहर व स्वीमिंग पूल में अकेला जाने से रोकने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर नजर रखें।
उन्होंने कहा कि नदी, नाले, तालाब व स्विमिंग पूल इत्यादि जगहों पर अकेला जाने से रोके ताकि भविष्य में किसी और दुखदाई घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए। अक्सर गर्मी के मौसम को देखते हुए कई बार बच्चे एवं युवक इकट्ठे होकर नहाने के लिए किसी नदी, नाले या तालाब इत्यादि जगहों पर चल जाते हैं।
पानी का बहाव तेज होने व तैरना नहीं आने की वजह से अक्सर दुखदाई घटनाएं हो जाती है। हादसे की वजह से परिवार पूरी तरह से टूट जाता है तथा कई पीढ़ियों तक भी नहीं उभर पाता। पुलिस अधीक्षक ने जिला के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपनी नियमित गश्त के साथ-साथ उनके थाना क्षेत्र में आने वाली सभी नहरों, नालों तथा तालाबों पर भी विशेष निगाह रखें तथा लोगों को इस संबंध में जागरूक भी करें।