यमुनानगर। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही जिले में भक्ति और आस्था का माहौल बन गया। नवरात्र के पहले दिन रविवार को सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
नवरात्र को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई थीं। मंदिर परिसरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। सुबह कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी। हाथों में पूजा की थाली, नारियल, फूल और चुनरी लेकर पहुंचे भक्तों ने मां के दर्शन किए। कई श्रद्धालुओं ने व्रत का संकल्प भी लिया। मंदिरों के बाहर पूजन सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर चहल-पहल रही।
देवी भवन मंदिर में देर शाम तक लगी रही कतार
जगाधरी स्थित प्राचीन देवी भवन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मां के दर्शन के लिए भक्त कतारों में खड़े नजर आए। रेलवे स्टेशन के पास स्थित श्री मूर्ति देवी मंदिर और श्री देवी मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने माथा टेककर परिवार की खुशहाली की कामना की। शाम को मंदिरों में आरती में भी श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।