यमुनानगर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गुरु तेग बहादुर के प्रकाश उत्सव के प्रचार प्रसार को लेकर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग ने वाहन चलाया है। इस वाहन के माध्यम से 24 अप्रैल को पानीपत में आयोजित गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व में जिलावासियों को पहुंचने का निमंत्रण दिया जा रहा है। बुधवार को वाहन द्वारा यमुनानगर, जगाधरी व रादौर के क्षेत्र विशेष जागरुकता कार्यक्रम चलाया।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुनील बसताड़ा ने बताया कि जिलों में आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में प्रचार अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में बुधवार को विभाग की टीम ने यमुनानगर व जगाधरी के शहरी क्षेत्र में प्रकाश उत्सव को लेकर मुनादी करते हुए लोगों को कार्यक्रम में पहुंचने के लिए आमंत्रित किया। प्रकाश उत्सव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हो चुकी है। जिला परिषद के सीईओ नवीन आहुजा की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों की कमेटी निरंतर इन संस्थाओं के संपर्क में हैं।