संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री गुरु रविदास मंदिर, डेरा बाबा लालदास कपाल मोचन में रविवार को नववर्ष के उपलक्ष्य में विशाल सत्संग का आयोजन किया गया। प्रभा सागर जड़ौदी व उनके पति बिहार के पटना डीआईजी बाबू राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सत्संग में प्रभा सागर ने कहा कि नए साल में सभी सकारात्मकता को अपना कर आगे बढ़ें क्योंकि सफलता का यही मूल मंत्र है। जितनी भी बुरी स्थिति हो अपना धैर्य न खोएं।
डीआईजी बाबू राम ने कहा कि सकारात्मक विचार हमारे जीवन को सार्थक बनाते हैं। ये हमें बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं। सकारात्मक मानसिकता हमें विपरीत परिस्थिति में भी सहज रहने की शक्ति देती है। दुनिया में सफल लोगों ने सकारात्मकता को ही सफलता की कुंजी माना है। यह सकारात्मक सोच की ही शक्ति है कि मनुष्य जो सोचता है उसे प्राप्त कर लेता है।
गुरु रविदास मंदिर कपाल मोचन के महंत निर्मल दास महाराज ने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण उस समाधान की पहली सीढ़ी है। हमें कोई समस्या परेशान करती है तो पहले अपने दिल की सुनें, फिर आगे बढ़ें और स्वयं को पूरी तरह समर्पित करें। वास्तव में सकारात्मक दृष्टिकोण से ओतप्रोत व्यक्ति समस्याओं से विचलित हुए बिना उनके समाधान तलाशने पर केंद्रित रहता है।
इस प्रकार वह अपने मनचाहे लक्ष्य को प्राप्त करता है। इस मौके पर अंबाला के सांसद वरुण चौधरी व उनकी पत्नी मुलाना से विधायक पूजा चौधरी, रमन त्यागी, डेरे के प्रबंधक अमरनाथ ग्यासड़ा, मास्टर रमेश, पूर्व प्रधान महिंद्र सिंह नागरा, राम लाल फौजी, निर्मल सिंह अंबाला, श्याम लाल भटली, रामकिशन व रामचंद्र बिलासपुर समेत अन्य मौजूद रहे।