रादौर। बुबका चौक के निकट एसके रोड पर बने गड्ढों में गटका व अन्य सामग्री डालने पहुंचे पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानदारों ने विभाग के कर्मचारियों से टूटे पड़े सड़क मार्ग की मरम्मत करने की मांग की।
लोगों ने विरोध करते हुए कहा कि विभाग की ओर से गड्ढों में गटका डालकर मात्र खानापूर्ति की जा रही है। टूटी सड़क को बनाने के लिए विभाग गंभीर नहीं है। लोगों के विरोध के चलते विभाग के कर्मचारी मौके से गटके से भरा ट्रक लेकर चलते बने। इससे पहले 21 फरवरी को भी इसी प्रकार स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से सड़क के गड्ढों में केवल गटका डालकर खानापूर्ति करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की थी।
वहीं रादौर के उद्योग व्यापार मंडल के प्रधान अमित कांबोज ने बताया कि कुरुक्षेत्र-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग बहुत ही दयनीय हालत में है।
एसके रोड़ जगह-जगह से टूटा हुआ है। जिस कारण वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि एसके रोड़ से जल निकासी की समस्या का स्थाई समाधान कर इस सड़क को जल्द से जल्द बनवाया जाए। इस अवसर पर प्रेम मेहता, ओमप्रकाश संदुजा, लवली अरोड़ा, सुखदेव, राजू, हरनाम सिंह, श्यामलाल अरोड़ा, अमित अग्रवाल, मनप्रीत सिंह, सुशील वाल्मीकि, जवाहर लाल, दिवान चंद, सरदार बलदेव सिंह व अविनाश बंसल आदि दुकानदार मौजूद रहे।