संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी वर्कशॉप। रेलवे कॉलोनी में एक घर से चोरी कर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने पकड़ कर उनकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
रेलवे कॉलोनी निवासी मोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रेलवे वर्कशॉप में नौकरी करता है। शनिवार को वह सुबह 10 बजे वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर गया था। जब वह वोट डालकर घर लौट रहा था तो उसके पास उनके पड़ोसी का फोन आया। पड़ोसी ने उसे बताया कि उसके घर से दीवार फांदकर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने पकड़ रखा है।
सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। इस दौरान लोगों ने पकड़े गए दोनों युवकों की जमकर धुनाई कर दी और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। आरोपियों की पहचान जोगिंद्र नगर निवासी साहिल व विष्णु नगर निवासी रफीक के रूप में हुई।
मोनू ने बताया कि जब उसने अपने घर पर जाकर जांच की तो उसके घर से सोने की अंगूठी व 1800 रुपये गायब मिले। उसने इस बारे पुलिस को बताया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।