संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। होली के लिए लोगों में भारी उत्साह है। बाजारो में खूब रौनक देखने को मिल रही है। होली का रंग केवल जमीनी बाजार में ही नहीं बल्कि डिजिटल बाजार में भी खूब देखने को मिल रहा है। होली के लिए इन दिनों खूब ऑनलाइन शॉपिंग हो रही है। तमाम शॉपिंग एप पर होली से संबंधित विभिन्न वस्तुएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
वहींलोग भी इन एप से जमकर खरीदारी कर रहे हैं। शॉपिंग एप पर मिलने वाली यह वस्तुएं लोगों को खूब भा रही है। एप पर बाजार से सस्ता व विशिष्ट सामान उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। शॉपिंग एप से होम डिलिवरी का विकल्प लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है। लोग घर बैठे ही सामान की खरीदारी कर रहे हैं। ऑनलाइन खरीदारी में सबसे ज्यादा संख्या युवाओं की हैं।
महिलाएं भी शॉपिंग एप पर उपलब्ध सामान देखकर बाजार में इसकी जानकारी ले रही हैं। एप पर होली के लिए अबीर, गुलाल के साथ पिचकारी भी उपलब्ध है। इसके अलावा बच्चों के लिए इन एप पर विशेष सामग्री उपलब्ध है। बच्चे भी एप पर देखकर वस्तुएं खरीदने की मांग कर रहे हैं।
शॉपिंग एप पर बच्चों के लिए फिल्मी, कार्टून, सुपर हीरोज इत्यादि की पिचकारियां भी उपलब्ध हैं। एप पर इन सामग्री की बाजार की कीमत से 30 से 60 प्रतिशत छूट का दावा किया जा रहा है। एप पर तमाम तरह के रंग, पिचकारी, स्प्रे, पानी वाले रंग, टोपी, टी-शर्ट सहित अन्य सामग्री उपलब्ध है।
वहीं, दूसरी तरफ विशेषज्ञों का कहना है कि इसका बाजार पर ज्यादा असर नहीं पड़ता है। सीए विशाल भाटिया ने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग से होली के अधिकतम बाजार पर पांच से आठ प्रतिशत ही असर पड़ेगा। लोग बाजारों व दुकानों से सामान खरीदना पसंद करत हैं। वहीं, व्यापारी अनिल कुमार ने बताया कि होली को लेकर लोगों को खूब उत्साह है। लोग रंगों, पिचकारी सहित अन्य सामान की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
अपनों को भेज रहे उपहार
होली की ऑनलाइन शॉपिंग करने में महिलाएं सबसे आगे हैं। शहर निवासी दिव्या, वीना, रजनी, मोनिका, राधिका ने बताया कि होली को लेकर कई दिन से सोशल मीडिया पर विभिन्न एप के विज्ञापन चल रहे हैं, जिसमें सस्ती व विशिष्ट वस्तुएं उपलब्ध हैं। एप पर रंगों से त्वचा को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए भी कई तरह की वस्तुएं उपलब्ध हैं। यह लोगों के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है। महिलाओं ने बताया कि सबसे ज्यादा खरीदारी अपनों को उपहार देने के लिए की जा रही है। त्योहार पर रिश्तेदारों, संबंधियों को उपहार व मिठाइयां दी जाती हैं। ऐसे में ऑनलाइन शॉपिंग ही कारगर है। एप पर वस्तुओं की खरीदारी कर सिर्फ पता डालना होता है। एप से सामान सीधे रिश्तेदारों के घर पहुंच जाता है। दूसरे राज्यों व जिलों में रहने वाले लोग अपनों को ऑनलाइन शॉपिंग से उपहार दे रहे हैं।