संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जियो फेंसिंग एप से हाजिरी का विरोध करते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मी व बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एक घंटे हड़ताल पर रहे। इन सभी ने सुबह दस से 11 बजे तक इमरजेंसी केस छोड़ अन्य कोई काम नहीं किया। इस दौरान जिला व उप नागरिक अस्पतालों सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीज व उनके साथ आए तीमारदार परेशान रहे।
करीब एक घंटे तक जांच, इलाज व दवा के लिए इंतजार करना पड़ा। यह लोग एक घंटे उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे। 11 बजे हड़ताल खत्म कर डॉक्टर, स्टाफ व कर्मी काम पर लौटे। पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संगठनों ने सोमवार को पेन डाउन नाम से हड़ताल करने का आह्वान किया था।
इस पर जिले में भी जिला व उप जिला नागरिक अस्पतालों सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों सहित नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मियों व बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सुबह दस बजे काम बंद कर दिया। जिला नागरिक अस्पताल में हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसीज एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. विपिन गोंदवाल, महासचिव डॉ. गोल्डी स्याल, स्टाफ नर्सिंग से जिला प्रधान निशा जंग, बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से मंजीत सिंह, लैब टेक्नीशियन से इंदु राठी, फार्मासिस्ट से सुदेश सहोता, दंत चिकित्सक राजेश परमार बताया कि इस दौरान इमरजेंसी को छोड़क सारे काम ठप रहे।
सामान्य दिनों से ओपीडी में कम देखे गए मरीज
सामान्य दिनों की तुलना में एक घंटे की हड़ताल से सोमवार को ओपीडी कम रही। जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे बूड़िया निवासी ललित ने बताया कि उनकी माता को लकवे की शिकायत है। उन्हें दिखाने के लिए आए हैं, पर यहां पता चला कि डॉक्टर व अन्य स्टाफ हड़ताल पर है, जो 11 बजे काम पर लौटेंगे। इसलिए परिसर में बैठ इंतजार कर रहे हैं। ऐसे ही हरियाबांस के शुभम ने बताया कि उसे दो दिन से वायरल है। यहां चेकअप कराने आया तो पता चला कि डॉक्टर व स्टाफ हड़ताल पर हैं।
हड़ताल के दौरान जिला नागरिक अस्पताल में एकजुट डॉक्टर, स्टाफ व कर्मचारी। संवाद- फोटो : mathura