संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सम्राट मिहिर भोज गुरुकुल विद्यापीठ की नवनिर्वाचित कमेटी की पहली बैठक रविवार को विद्यालय के निर्माणाधीन भवन में हुई। बैठक प्रबंधक कमेटी के प्रधान रामपाल नंबरदार की देखरेख में हुई। देवधर गुरुकुल के संस्थापक पद्मश्री ओमप्रकाश गांधी को गुर्जर विकास सभा ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
पद्मश्री गांधी ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं सभी के सहयोग व समर्पण भाव से आगे बढ़ती हैं। कमेटी के नवनिर्वाचित सदस्यों को गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। विद्यापीठ के प्रबंधक पवन कुमार बटार ने कहा कि 20 साल पूर्व विद्यालय के निर्माण की शुरुआत की गई थी। उस समय 20 बीघा जमीन खरीद कर सीएलयू के लिए आवेदन किया गया था।
गत वर्ष विद्यालय के निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। भवन के 16 कमरों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। विद्यालय के निर्माण पर लगभग 25 करोड़ की लागत आने का अनुमान है।
संस्था पूरी तरह आवासीय होगी जो केवल लड़कों के लिए बनाई जा रही है। संस्था के निर्माण में एक करोड़ की राशि देने तथा संस्थान को मंजूरी देने में सहयोग देने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर गुर्जर विकास सभा के जिला अध्यक्ष जगदीश पंवार, कोषाध्यक्ष बलदेव पंवार, कृपाल सिंह, उपप्रधान सरपंच ओमकार, मोहन वर्मा, मुकेश दमूपुरा, संतराम, सरपंच जयकुमार मौजूद रहे।