यमुनानगर। कालाअंब-साढ़ौरा रोड पर असगरपुर के पास दो बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार दो दोस्तों में से एक की मौत हो गई। दोनों दोस्त कालाअंब से लौट रहे थे। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
फिरोजपुर राईयां निवासी सुखविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव में ही परचून की दुकान है। वह अपने दोस्त रामपुर राईयां निवासी विरेंद्र सिंह उर्फ सन्नी के साथ बाइक पर काला आंब गए थे। देर शाम वहां से वे दोनों बाइक पर वापस घर लौट रहे थे। वह बाइक चला रहा था, पीछे विरेंद्र बैठा हुआ था। करीब साढ़े आठ बजे जब वे असगरपुर जंगल के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे दूसरी बाइक चालक ने सीधी टक्कर उनकी बाइक में मार दी। टक्कर लगने ही वह बाइक से उछलकर कच्चे में गिर गया। जबकि दोस्त विरेंद्र सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में विरेंद्र के सिर, दोनों बाजुओं व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई। जबकि उसे मामूली चोट लगी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें साढौरा के अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने विरेंद्र की हालत गंभीर देख एमएम मुलाना अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी विरेंद्र को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही विरेंद्र की मौत हो गई। साढ़ौरा थाना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज कर विरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया।
-