बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा न कराने वाले प्रॉपर्टी मालिकों पर निगम की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। नगर निगम की टीम ने बुधवार को जहां जगाधरी एरिया की दो फैक्ट्रियां व पांच दुकानें सील की थी। वहीं, वीरवार को निगम की टीम ने बुड़िया क्षेत्र में एक फैक्टरी व यमुनानगर जोन की छह दुकानों को सील किया। इन पर लगभग 21.09 लाख रुपये टैक्स बकाया था। हालांकि इनमें से 11 प्रॉपर्टी मालिकों ने अपना टैक्स जमा करवा दिया। तीन प्रॉपर्टी धारकों को टैक्स अभी भी बकाया है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा का कहना है कि बकायादारों के खिलाफ नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया के नेतृत्व की टीम गठित की गई। टीम में कार्यालय अधीक्षक प्रदीप कुमार, सीएसआई अनिल नैन, सहायक हरीश शर्मा, सहायक रघुबीर, विक्की, विपिन, सुमित व अन्य कर्मचारी शामिल किए गए हैं। निगम की टीम ने वीरवार को रादौर रोड स्थित हरीराम, ग्रीन पार्क स्थित अनिल कुमार, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित राम प्रसाद, आदर्श नगर स्थित सर्वजीत त्यागी, आदर्श नगर में ही विक्रम एंड सुखराज और राजकुमार की दुकानों को सील किया। इनके अलावा बुड़िया क्षेत्र में गीता रानी फैक्टरी को सील कर दिया। इन पर निगम का 2109879 रुपये टैक्स बकाया था। हालांकि सील होने के बाद ग्रीन पार्क निवासी अनिल कुमार, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी राम प्रसाद, आदर्श नगर निवासी विक्रम एंड सुखराज और राजकुमार ने अपना टैक्स जमा करवा दिया। सील करने के बाद इन पर चेतावनी नोटिस चस्पाए गए। जिस पर लिखा कि यह संपत्ति प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने के कारण सील की गई है।
हरीराम- 368586 रुपये
अनिल कुमार -139590
राम प्रसाद -348975
सर्वजीत त्यागी - 230324
विक्रम एंड सुखराज - 136794
राजकुमार - 187977
गीता रानी -697633