यमुनानगर। गांव कोट बसावा में करियाना स्टोर संचालक से बाइक सवार दो युवक डेढ़ लाख नकदी से भरा थैला छीन ले गए। घटना देर रात को तब हुई जब वह स्टोर बंद कर पास में ही अपने घर लौट रहा था। तभी बाइक सवार दो युवक स्टोर संचालक को धक्का देकर हाथ से नकदी भरा थैला छीन फरार हो गए। स्टोर संचालक के मुताबिक थैले में बिक्री के डेढ़ लाख रुपये थे। घटना की सूचना पर थाना छछरौली पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया।
गांव कोट बसावा के संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में ही घर के पास करियाना स्टोर हैं। रोज की तरह रात 9.30 बजे दुकान बंद कर बिक्री के पैसों से भरा थैला लेकर पैदल घर जा रहे थे, तभी घर के पास पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और धक्का मारकर नकदी भरा थैला छीन ले गए। वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। बाइक सवार दोनों युवक फरार हो गए। बाद में इसकी शिकायत पुलिस को दी।
वर्जन
शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-
संदीप कुमार, प्रभारी, थाना छछरौली।