यमुनानगर। सरकार की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस 7-ए के विरोध में जिले के पटवारियों व कानूनगो ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया। इस दौरान वे लघु सचिवालय के सामने अनाज मंडी गेट पर प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने हरियाणा के मुख्य सचिव के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन दिया।
इस दौरान द रिवेंयू पटवार एवं कानूनगोज एसोसिएशन के कुलदीप शर्मा ने कहा कि पटवारी का काम केवल जमीन की गिरदावरी करने का काम होता है। यदि उसमें कोई निर्माण हुआ है तो उसका इंद्राज करना होता है। लेकिन सरकार द्वारा रजिस्ट्री घोटाले में पटवारियों को कारण बताओ नोटिस 7-ए के जारी किए गए हैं। जिसे लेकर प्रदेश के सभी पटवारी व कानूनगों सभी जिले में धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि सरकार से कि रजिस्ट्री घोटाले से उनका कोई लेना देना नहीं है। जो जमीन के बदलने की बात का आरोप लगाया जा रहा है वह निराधार है। उनकी मांग है कि सरकार अपने आदेश वापस ले और पटवारियों को तंग न किया जाए। इस दौरान जिले भर के पटवारी उपस्थित रहे।