यमुनानगर। गांधी धाम कॉलोनी में वृद्ध महिला के बंद पड़े घर के ताले तोड़ चोरों ने 70 हजार के गहने व 4700 रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी के समय महिला बीमार होने के चलते कॉलोनी में ही अपनी बेटी के घर गई हुई थी। पुलिस ने वृद्ध महिला के दोहते की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
गांधी धाम कॉलोनी निवासी अंकित सूद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी नानी गांधी धाम कॉलोनी में ही 150बी में रहती है। बीमार होने के कारण उसकी नानी कुछ दिन से उनके घर पर ही आई हुई थी। सुबह पड़ोसी ने उनके घर आकर सूचना दी कि उसकी नानी के घर के ताले टूटे पड़े हैं। सूचना मिलने पर वे उनके घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं। कमरे में सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर घर के अंदर से तीन सोने की चूड़ियां, कानों की बालियां व पर्स में रखे 4700 रुपये नकद गायब थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।