सांसद रत्न लाल कटारिया अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। जिला सचिवालय में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। इस मौके पर सांसद रत्न लाल कटारिया ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा स्वयं प्रधानमंत्री भी करते हैं। अधिकारी इसकी गंभीरता को समझते हुए लक्ष्य निर्धारित अवधि में पूरा करें।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र में जो विकास कार्य पूर्ण हुए हैं और जिन विभागों ने कार्य पूर्ण कराएं हैं, वे अधिकारी उनका निरीक्षण व उद्धाटन करवाएं। बैठक में 24 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय होना चाहिए। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण और शहरी आवास योजना की भी समीक्षा की गई। इसमें अधिकारियों को लाभान्वित लोगों की लंबित पड़ी किस्तों का समय से भुगतान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में ठोस व तरल कूड़ा प्रबंधन के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के दिशा-निर्देश दिए।
इन योजनाओं के बारे में भी की समीक्षा
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, दीन दयाल अंत्योदय योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, गोवर्धन योजना, सर्व शिक्षा अभियान, मीड-डे मील योजना, डिजिटल इंडिया समेत कई योजनाओं की समीक्षा कर उनके क्रियान्वयन में सुधार करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि दिशा की बैठक का उद्देश्य विकास कार्योें की गुणवत्ता में सुधारने के साथ ही सरकार की योजनाओं का विस्तार करना है। इस दौरान उपायुक्त पार्थ गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवीन आहुजा, सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया, भाजपा मीडिया प्रभारी कपिल मनिष गर्ग समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।