यमुनानगर। एनएसयूआई की जिला इकाई ने नीट पेपर लीक के विरोध में शुक्रवार को शहर में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष साहुल चौधरी के नेतृत्व में जगाधरी अनाज मंडी गेट पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार का पुतला फूंका और रोष मार्च निकालते हुए जिला सचिवालय पहुंचे। वहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थी डॉक्टर बनने का सपना लेकर नीट परीक्षा देते हैं। अभिभावक बच्चों की पढ़ाई पर अपनी जमा पूंजी खर्च करते हैं, लेकिन बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से छात्रों का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने कहा कि 2015, 2024 और अब 2026 में भी ऐसे आरोप सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा इससे मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ता है। एनएसयूआई ने देशभर में नीट 2026 न्याय अभियान शुरू किया है। संगठन ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को भंग करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा उच्चतम न्यायालय की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही प्रभावित विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता, निःशुल्क कानूनी मदद और दोबारा परीक्षा होने पर यात्रा व ठहरने की सुविधा देने की भी मांग की गई।