संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सदर थाना यमुनानगर क्षेत्र के गांव छोटा लापरा निवासी दिव्यांग युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आने से मौत हो गई। युवक गांव के ही एक व्यक्ति के साथ शुक्रवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली में थर्मल प्लांट से राख लेने गया था। रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ट्रैक्टर टायर के नीचे गिर गया।
मृतक की पहचान छोटा लापरा निवासी 25 वर्षीय शारून के रूप में हुई है। मृतक के चचेरे भाई आरिफ ने बताया कि शारून बचपन से दिव्यांग था और पशुपालन कर परिवार का सहयोग करता था। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव का ही जब्बार उसे अपने साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में थर्मल प्लांट की राख लेने के लिए लेकर गया था। कुछ समय बाद परिवार को बहरामपुर सीएचसी से एक जानकार का फोन आया, जिसमें बताया गया कि शारून घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। परिवार के लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पूछताछ में पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठा शारून अचानक फिसलकर नीचे गिर गया और ट्रैक्टर का टायर उसके पेट के ऊपर से गुजर गया। परिजनों ने युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है। जांच अधिकारी कर्मबीर ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।