जगाधरी। दयाल सिंह पब्लिक स्कूल की चौथी की छात्रा नौ वर्षीय शिवांशी ने योग के क्षेत्र में जिले के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जयपुर में हुई राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में देशभर में चौथा स्थान हासिल करने के बाद शिवांशी का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से तीन से छह अक्तूबर तक जयपुर में 51वीं सब जूनियर एवं जूनियर योगासन चैंपियनशिप करवाई गई थी। शिवांशी ने इसमें आठ से 10 वर्ष आयु वर्ग में भाग लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में किया गया है।
विज्ञापन
शिवांशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर जिला स्तर से शुरू किया। जुलाई में हुई जिलास्तरीय प्रतियोगिता में उसने अपने आयु वर्ग में पहला स्थान हासिल किया था। इसके बाद अगस्त में सिरसा में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उसने स्वर्ण पदक जीता। राज्य स्तर पर प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर स्कूल में शिवांशी का स्वागत किया गया। प्राचार्या पारुल कुमार ने उसे फूलमाला पहनाकर बधाई दी। प्राचार्या ने कहा कि शिवांशी की उपलब्धि इसलिए भी खास है, चूंकि महज नौ वर्ष की उम्र में उसने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाने के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में स्थान हासिल किया है। उसकी यह सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है।