संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। करवाचौथ को लेकर वीरवार को लोग मिठाइयां व सरगी का सामान खरीद रहे थे तो इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर की विभिन्न दुकानों पर छापामार कर मिठाइयों के नमूने भरे। ग्राहकों की मौजूदगी में आई विभागीय टीम देखकर मिष्ठान विक्रेताओं ने कार्रवाई का विरोध किया। इसके बाद भी विभाग की टीम ने शहर की आठ दुकानों से मिठाई, दूध, पनीर सहित अन्य सहित कुल नौ पदार्थों के नमूने लिए।
जिला विभाग ने दुकानों से लिए मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। वहीं, विभाग की कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नमूने लेने की सूचना मिलते ही कई दुकानों ने अपने यहां रखी कई तरह की मिठाई हटवा दी। विभाग की कार्रवाई जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित चौहान के नेतृत्व में की गई। इस दौरान डॉ. अमित चौहान ने कहा कि त्योहारों में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और मिलावटी मिठाई बिकने की संभावना रहती है। इसके चलते खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस दौरान विभाग ने रेलवे स्टेशन के पास, स्टेशन चौक, रेलवे स्टेशन रोड पेपर मिल गेट, महाराणा प्रताप पार्क, मॉडल टाउन की दुकानों से मिठाइयों व दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए। डाॅ. अमित चौहान ने कहा कि विक्रेताओं को कड़ी हिदायत दी गई है, कि वह गुणवत्ता पूर्ण खाद्य पदार्थ बेचें।
यहां पर लिए इसके नमूने
-पंजाब स्वीट हाउस (रेलवे स्टेशन के पास) कलाकंद
-अनुपम स्वीट्स रेलवे स्टेशन के पास रसगुल्ला
-कपूरिया स्वीट्स रेलवे स्टेशन के पास गुलाब जामुन
-अशोका डेयरी पेपर मिल गेट के सामने पनीर और देसी घी
-ओबेरॉय डेयरी मॉडल कॉलोनी महाराणा प्रताप पार्क के पास देसी घी
-लक्की डेयरी मॉडल कॉलोनी महाराणा प्रताप पार्क के पास दही
-गोपाल स्वीट्स सिविल अस्पताल के सामने यमुनानगर मिठ्ठी फिरनी
-साक्षी स्वीट्स मॉडल टाउन प्यारा चौक के पास चमचम
लोगों के सहयोग से लगेगा अंकुश
डॉ. अमित चौहान ने कहा कि मिलावट खोरी व निम्म गुणवत्ता पर लोगों के सहयोग से बहुत जल्दी अंकुश लगाया जा सकता है। इसके लिए लोगों को विभाग का सहयोग करना चाहिए। डॉ. अमित ने कहा कि यदि उनके आस-पास कहीं गंदगी इत्यादि में सामान तैयार किया जा रहा है, तो उसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।अपने भरोसेमंद दुकानों से ही मिठाई व खाद्य उत्पादों की खरीद करें। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी की सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा और इस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे रोड पर मिठाई की दुकान पर कार्रवाई करती विभाग की टीम।