अमेरिका के सान फ्रांसिस्को में इस साल की शुरुआत में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हुए हमलों की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब व हरियाणा में 14 ठिकानों पर छापा मारा है। एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को टीमों ने पंजाब के मोगा, जालंधर, लुधियाना, गुरदासपुर, मोहाली व पटियाला और हरियाणा के कुरुक्षेत्र व यमुनानगर में दबिश दी। विदेश में भारत विरोधी गतिविधियों की संगठित साजिश को तोड़ने की मुहिम के तहत एजेंसी ने यह कार्रवाई की है।
यमुनानगर शहर में गुरु नानक खालसा कॉलेज रोड स्थित ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करने वाले मेजर सिंह के घर पर एनआईए की टीम ने दबिश दी। टीम ने चार से पांच घंटे तक चली जांच में परिवार के लोगों से पूछताछ की और पूरे घर की तलाशी ली।