ट्विनसिटी (यमुनानगर-जगाधरी) में 83 लाख रुपये की लागत से होने वाले नए कामों के लिए नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की ओर से ई-टेंडर लगाए गए हैं। इनमें वार्ड नौ, 17 व 19 में गलियों-नालियों, नाले के निर्माण सहित सड़क चौड़ीकरण व निकासी के काम शामिल हैं। इसके अलावा नगर निगम अफसरों ने 74.04 लाख रुपये से होने वाले कामों के टेंडर रिकॉल भी किए हैं, क्योंकि इनके पहले लगाए टेंडर में किसी ठेकेदार व एजेंसी से बिड नहीं आई। टेंडर मुताबिक नए कामों में वार्ड 19 में 18.31 लाख रुपये से बलबीर सिंह के घर से आरसीसी नाले का निर्माण, वार्ड 17 के कैंप क्षेत्र में 19.73 लाख रुपये से ढींगरा बैकरी से साहिल कलेक्शन तक गली व नाली का निर्माण, वार्ड नौ में 19.79 लाख रुपये से मॉडल कॉलोनी में दशहरा ग्राउंड, शिव पार्क, मदन लाल डिंगरा पार्क के आसपास सड़क चौड़ीकरण व पाइप बिछाने, वार्ड नौ में ही 25.41 लाख रुपये से आर्य समाज मंदिर से नासिर हुसैन की दुकान, ओबरॉय फ्रूट से ऑटो रिपेयर की दुकान, ओबरॉय प्रॉपर्टी से गणेश डांस स्टूडियो व महाराणा प्रताप पार्क के सामने सड़क चौड़ीकरण व एनपी-2 पाइप बिछाने का काम होना है।
-वार्ड-10 में 48.83 लाख रुपये से गली नंबर-14 में स्टॉर्म वाटर एनपी-3 पाइप बिछाने का काम।
-वार्ड-15 में 2.96 लाख रुपये से छोटी लाइन पर कवर्ड ड्रेन का निर्माण।
-वार्ड-11 में 6.78 लाख रुपये से कश्यप धर्मशाला का निर्माण।
-11.01 लाख रुपये से हेल्थ सेंटर का निर्माण।
-वार्ड-9 में 4.46 लाख रुपये से ग्रीन पार्क कॉलोनी के पार्क के विकास कार्य।
शहर की जरूरत के मुताबिक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी के तहत टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। पूरा प्रयास है कि सभी कार्य समय पर शुरू व पूरे कराए जाएं। - आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।