यमुनानगर। जिला परिषद की बैठक शुक्रवार को जिप कार्यालय में चेयरमैन रमेश चंद ठसका की अध्यक्षता में हुई। इसमें एजेंडे में शामिल सात बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान पार्षदों ने नाराजगी जताई की ज्यादातर विभागों के अधिकारी बैठक में खुद नहीं आते और न ही अपनी जगह कोई प्रतिनिधि भेजते हैं। जिनके प्रतिनिधि आते हैं उन्हें कुछ पता नहीं होता। जिला परिषद के विकास कार्यों हेतु उपलब्ध राशि की चर्चा व प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा का प्रस्ताव पास हुआ।
जिला परिषद चेयरमैन व सीईओ वीरेंद्र सिंह ढुल ने समस्याओं को दूस करने का भरोसा भी दिया। चेयरमैन ने कहा कि 15 जून तक सभी सड़कों की मरम्मत करवा दी जाएगी। इसके लिए टेंडर भी लग चुके हैं। जो टेंडर रह गए हैं वह भी जल्द ही लगा दिए जाएंगे। कुछ पार्षदों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि उनके वार्ड में कौन सा काम हो रहा है या फिर होने वाला है इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी जाती। चेयरमैन से मांग की कि पार्षदों को इसकी सूचना दी जाए। पार्षद धर्मपाल तिगरा ने आरोप लगाया कि जिला परिषद कार्यालय के सामने करोड़ों रुपये की जमीन जिला परिषद की है।
फिर भी इस जमीन पर किसी और ने अपना कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं बिजली निगम के अधिकारियों से मिलकर सरकारी जमीन पर बिजली कनेक्शन भी दे दिया गया। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। चेयरमैन ने जांच का आश्वासन दिया। चेयरमैन ने साढौरा के सरांवा में जिला परिषद की जमीन में सफेदे के पेड़ों की नीलामी व अवैध कब्जे किए जाने की शिकायत आने का मामला उठाया। कुछ पार्षदों ने गांवों में रोडवेज की बसें नहीं रूकने की समस्या रखी। बैठक में पार्षद भानू बतरा, गुरजीत कौर, धर्मपाल तिगरा, सर्वजीत रघुवंशी, वीनित कौर, निशा संधू, अहमद अली, जयचंद कश्यप, आकाश बत्रा, परमजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
हाईवे की मरम्मत पर झूठ बोलने का आरोप : बैठक में जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे के टूटने का मामला भी उठा। एनएचएआई के साइट इंजीनियर गगन चिकारा ने कहा कि यह हाईवे निर्माणाधीन है। इसलिए इसे नए सिरे से नहीं बना सकते। जहां यह टूटा हुआ है उसकी मरम्मत करवाई गई है। छछरौली में मंडी के सामने मरम्मत करवा दी गई है। इस पर जिप पार्षद नरवेल सिंह ने कहा कि छछरौली से आगे पुल पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। जहां रोजाना हादसे हो रहे हैं। इस पर कोई काम नहीं हुआ। साइट इंजीनियर ने इसके ठीक होने की बात कही।
जिस पर नरवेल सिंह ने कहा कि वह उस पुल से रोजाना चार चक्कर लगाते हैं, इसलिए इसकी हालत पता है। कहें, तो अभी पुल की फोटो यहीं मंगवा दूं। इस पर चेयरमैन ने पार्षद के साथ साइट इंजीनियर को मौके का मुआयना करने को कहा।