यमुनानगर। बूड़िया, न्यू हमीदा व सरोजनी कॉलोनी के लोगों को नए ट्यूबवेल की सौगात मिलने वाली है। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग एवं जल अभियांत्रिकी विभाग अफसरों ने करीब 28.31 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है।
सभी तरह की मंजूरी व औपचारिकताएं पूरी कर अलग-अलग ई-निविदाएं लगा दी गईं हैं। सब कुछ सही रहा तो तीन से सात माह में नए ट्यूबवेल की सौगात मिल जाएगी।
विभाग की ओर से लगाई ई-निविदा मुताबिक बूड़िया में दो नए ट्यूबवेल लगेंगे। इनमें एक ट्यूबवेल पर 5.92 लाख रुपये और दूसरे पर 7.53 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। बूड़िया के दोनों ट्यूबवेल ई निविदा प्रक्रिया में जिस भी एजेंसी को कार्य आदेश होगा, उसे दो माह में दोनों ट्यूबवेल का काम पूरा करना है। इसी तरह न्यू हमीदा कॉलोनी में 7.45 लाख रुपये और सरोजनी कॉलोनी में 7.32 लाख रुपये की लागत से एक-एक ट्यूबवेल लगने हैं। इन दोनों ट्यूबवेल को लगाने के लिए छह-छह माह का समय निर्धारित किया गया है।