संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ट्विन सिटी की लाइफ लाइन राष्ट्रीय राजमार्ग 73 को फोरलेन करने का काम डेटलाइन पूरी होने के बाद भी अधर में लटका हुआ है। विभाग की ओर से इसे 31 मई तक पूरा किया जाना था, लेकिन जुलाई भी बीत जाने के बाद यह पूरा नहीं हो सका है। वहीं अभी करीब तीन महीने इसके पूरे होने की कोई उम्मीद नहीं है। वहीं विभाग ने काम के लिए सड़क खोद दी और किनारे मिट्टी पड़ी है। ऐसे में लोगों का यहां से निकलना मुहाल हो गया है।
बाईपास बनने पहले दूसरे जिलों व राज्यों का पूरा ट्रैफिक यहां से निकलता था, जिस कारण यहां बेहद भीड़ रहती थी। भारी वाहनों के कारण शहरवासियों का यहां से निकला मुश्किल था। यह सड़क यमुनानगर को जगाधरी से जोड़ती है। वहीं रेलवे ओवर ब्रिज के उस पास बसे शहर की सबसे आबादी वाले पुराना हमीदा, कैंप, जम्मू कालोनी, जोड़िया, कलानौर, रादौर को मुख्यालय से जोड़ता है। जिस कारण यह सड़क हमेशा व्यस्त रहती है।
विभाग की ओर से कैल कलानौर चौड़ा और फोरलेन करने के लिए 31 मई तक का समय लिया था। अगस्त की शुरूआत तक भी यह पूरा नहीं हो पाया है। कैल से रक्षक विहार तक यह 34 फीट तक चौड़ा किया जाना है। जगाधरी बस स्टैंड से विश्वकर्मा चौक फोरलेन किया जाना है। दो महीने ज्यादा होने के बाद भी भाई कन्हैया साहिब चौक से जगाधरी तक इसका काम लटका है। वहीं महाराणा प्रताप चौक से विश्वकर्मा तक का अभी काम शुरू तक नहीं किया गया है।
बरसात में नहीं बनेगी तारकोल की सड़क
हाईवे चौड़ा करने का काम अभी दो से तीन माह पूरा होता नहीं दिखाई दे रहा है। चूंकि बरसात में तारकोल की सड़क नहीं बनाई जाती है। बरसात में नमी के कारण तारकोल पकड़ नहीं कर पाता है। अभी एक माह सावन फिर भादो दोनों ही महीने में बरसात के हैं। ऐसे में विभाग तारकोल का काम नहीं कर सकेगा। बारिश में मिट्टी गीली व कीचड़ भी परेशानी है।
सड़क किनारे नगर निगम ड्रेन लाइन बिछा रहा था। इससे काम धीमी गति से चल रहा था। वहीं रेलवे के ब्लॉक के कारण भी काम रोकना पड़ा था। अभी बारिश के कारण दिक्कत हो रही है। जल्द ही शहर के भीतर काम निपटा लिया जाएगा। - राजकुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।