संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। फाजलपुर गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में नागलपत्ती की टीम ने पंचकूला की दबकौरी टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। नागलपत्ती की टीम ने 44 रन का लक्ष्य 15 गेंदों में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
प्रतियोगिता में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 28 टीमों ने हिस्सा लिया। यह मैच कुल 20 गेंदों का था। फाइनल मुकाबले में दबकौरी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 गेंदों में तीन विकेट के नुकसान पर 43 रन बनाए। टीम की ओर से मुनव्वर ने सर्वाधिक 25 रन का योगदान दिया। नागलपत्ती की ओर से जुबैर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीनों विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागलपत्ती की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 15 गेंदों में ही दो विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। जुबैर ने बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और 18 रन बनाए। आशिक ने 12 रन का योगदान दिया। दबकौरी की ओर से मुनव्वर ने दोनों विकेट हासिल किए।
व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर दबकौरी के मुनव्वर को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतर प्रदर्शन किया। नागलपत्ती के आरिफ को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। दबकौरी के मोनी और नागलपत्ती के समीर को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।
फाजलपुर क्रिकेट क्लब की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल संधू ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में भाग लेने और नशे से दूर रहने की अपील की। इस दौरान पवन, प्रभजोत सिंह, मोइन खान और आसिफ खान मौजूद रहे।