विष्णु नगर में कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को समझाते मुख्य सफाई निरीक्षक। प्रवक्ता
यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड 19 के विष्णु नगर में हर माह 9 व 10 तारीख को लगने वाला अस्थायी फड़ी बाजार शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने हटवाया दिया। इस बाजार में दर्जनों दुकानदार फड़ियां लगाकर अपना रोजगार चलाते हैं। शुक्रवार को नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए यह बाजार हटा दिया। यहां पर लोग जगाधरी वर्कशॉप रोड व आसपास फड़ियां व अस्थायी दुकानें लगाकर सामान बेचते हैं। नगर निगम का कहना है कि दुकानों के अतिक्रमण से जाम की स्थिति बनती है। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर टीम ने बाजार हटा दिया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम के वार्ड नंबर 19 के विष्णु नगर में पेट्रोल पंप के पास खाली जगह पर हर माह की 9 व 10 तारीख को बाजार लगता है। जहां दुकानदार फड़ी व स्टॉल लगाकर कपड़े व अन्य सामान बेचते हैं। दुकानदार सड़कों पर अपना व्यवसाय करते है। इससे वर्कशॉप रोड पर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में शुक्रवार को नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, अजीत सिंह, कृष्ण कुमार, सतबीर सिंह व गृहरक्षियों की टीम पार्षद हरजीत आनंद व पार्षद संदीप धीमान के साथ पहुंची। टीम ने जेसीबी से बाजार साफ कर दिया। निगम टीम ने सड़क किनारे टेंट व बेंच उठा लिए। वहीं, दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा यहां बाजार लगा तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने के लिए निगम अनेक प्रयास कर रहा है। शहर में विशेष सफाई अभियान, अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़कों के डिवाइडर को सुंदर बनाने व हर नाले व नाली की सफाई की जा रही है। शहर को कचरा व अतिक्रमण मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद